अचानक आई आंधी और पानी से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। कई स्थानों पर पेड़ जमीन पर आ गिरे। बिजली के तार भी टूटे हैं। बारिश के चलते मक्का की फसल भीग गई।
बुधवार को दोपहर बाद मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। धुंध भरी आंधी के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। किसान कुछ समझ पाते, तब तक खेतों में छिली पड़ी व सड़कों के किनारे सूख रही मक्का भीग गई। मंडी समिति में ट्रैक्टर या अन्य वाहनों से मक्का बिक्री करने आए किसानों की मक्का भी भीगी है। कई किसान ट्रैक्टर में लदी मक्का लेकर घर लौट गए।
आंधी और पानी के चलते मकरंदनगर कन्नौज रोड पर स्थित स्टेट बैंक शाखा के सामने खड़ा नीम का पेड़ धराशायी हो गया। इससे बिजली के तार टूट गए। उपभोक्ताओं को घंटों बिजली नहीं मिल सकी। बाद में कर्मचारियों ने टूटी बंच कंडक्टर केबिल जोड़कर बिजली व्यवस्था बहाल की। बरसात से नगर पालिका परिषद की भी पोल खुल गई। लंबे समय से सफाई न होने से नालियां चोक रहीं। जीटी रोड सरायमीरा स्टेट बैंक के निकट पानी का निकास नहीं है। इससे बरसाती पानी देशी शराब ठेके में घुस गया। पानी में शराब की पेटियां डूब गईं।
कन्नौज शहर के डाक बंगला रोड पर मुन्नू मिश्रा के मकान के निकट जलभराव से लोगों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा । अर्शी हास्पिटल के सामने बनी पुलिया के कारण गली में पानी भर जाने से लोगों को खासी परेशानी हुई। कटियार मोहल्ला निवासी चंद्रपाल, प्रमोद कटियार, शिव सिंह यादव, अखिलेश कुमार, संतोष यादव, गौरव कटियार, मुन्नू मिस्त्री, मुकेश कटियार, अशोक कटियार, सुशील कटियार, सुधीर, संदीप,छोटेलाल आदि का कहना है कि वह पुलिया को ठीक कराने के लिए जिला प्रशासन से शिकायत कर चुके हैं। पहला पानी बरसा है। जिला प्रशासन को मौके पर आकर हकीकत जाननी चाहिए। पुलिया को लेकर मोहल्लावासियों में आक्रोश पनप रहा है।
तिर्वा प्रतिनिधि के अनुसार मानसून की पहली बारिश में ही सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई। नगर के सभी प्रमुख मार्गों पर जलभराव की नौबत बन गई। तिर्वा कन्नौज-मार्ग पर पंजाब नेशनल बैंक के सामने जलभराव से काफी देर तक यातायात बाधित रहा। गांधी चौक चौराहे से किराना मार्केट व सराफा मार्के ट में भी जलभराव हुआ। नालियां उफना जाने से लोगाें को काफी दिक्कतें हुईं। अवंतीबाई मोहल्ले में भी कई गलियों में जलभराव रहा। तिर्वा कोतवाली परिसर जलभराव के चलते तालाब में तब्दील हो गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जलभराव से तीमारदारों को दिक्कतें हुईं। उधर, बारिश के दौरान आंधी के कारण सड़कों पर खड़े कई पेड़ गिर गए।