छिबरामऊ। घर से नाराज होकर निकले छात्र ने काली नदी पुल से छलांग लगा दी। खेतों में जानवर चरा रहे चरवाहों ने नदी में कूदते और डूबते हुए छात्र का वीडियो बना लिया जो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घर से लापता छात्र की तलाश में जुटे परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की टीम बुलाकर नदी में कूदे छात्र की तलाश शुरू करा दी है। उसका अभी पता नहीं चला पाया।
ग्राम सराय दायमगंज निवासी शिव राजपूत (15) ने शनिवार को पिता व भाई के साथ खेत में मक्का की बोआई कराई। शाम चार बजे वह मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकल गया। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की पर सुराग नहीं मिला। सुबह परिजनों को कुंवरपुर कंडौली स्थित काली नदी पुल पर उसकी चप्पलें, ब्लेड और खून के धब्बे मिले। स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि नदी किनारे जानवर चरा रहे एक युवक ने शिव को नदी में कूदते देखा था। उसने इस पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया।
वीडियो में किशोर मदद की गुहार लगाता नजर आ रहा है पर तैरना न आने के कारण कोई उसे बचाने के लिए नदी में नहीं उतर सका। वीडियो में वह कुछ दूरी तक बहता हुआ भी दिखाई दे रहा है। पिता कमलेश राजपूत ने लापता बेटे की तलाश कराए जाने के लिए छिबरामऊ कोतवाली में तहरीर दी है। पिता ने बताया कि शिव छिबरामऊ के मोहल्ला सुभाष नगर स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा 11 का छात्र है। वह तीन भाई व एक बहन के बीच सबसे छोटा है। कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि कुंवरपुर कंडोली चौकी इंचार्ज सत्यप्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। महादेवी घाट कन्नौज से गोताखोर हरीसिंह, बृजेश, माधव, प्रहलाद व कल्लू नदी में तलाश कर रहे हैं। पानी का बहाव तेज होने के कारण अब तक किशोर नहीं चल पाया है। सोमवार को एनडीआरएफ की टीम बुलाई जाएगी।