ठठिया। मवेशी को बचाने के लिए शनिवार को किशोर ईशन नदी में कूद गया। पानी का तेज बहाव होने के कारण किशोर नदी में डूब गया। देर शाम तक वापस घर न आने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी गोताखोर लगाकर किशोर को तलाशा पर दूसरे दिन रविवार को भी परिजन व पुलिस खाली लौटे। ग्रामीणों ने एसडीआरएफ टीम लगाकर किशोर की तलाश कराने की मांग की है।
थाना क्षेत्र के महसैया गांव निवासी भइयालाल का 14 वर्षीय पुत्र विकास पशु चराने के लिए नदी किनारे गया था। इसी दौरान अचानक एक मवेशी नदी में उतर गई, जिसे पानी से बाहर निकालने के लिए विकास ने कपड़े नदी के किनारे उतार कर रख दिए और नदी में कूद गया। पानी का तेज बहाव होने से वह वापस नहीं निकल सका। देर शाम खोजबीन के लिए निकले परिजनों को नदी किनारे किशोर के कपड़े और चप्पल रखे मिले, जबकि मवेशी दूसरे गांव में पहुंच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने देररात तक नदी को ढूंढा पर पता नहीं चला। थानाध्यक्ष जेपी शर्मा ने कहा कि परिजनों के अनुसार किशोर मवेशी को बचाने के प्रयास में नदी के तेज बहाव में बह गया। किशोर की तलाश की जा रही है। एसडीआरएफ को भी बुलाया गया है।