जीटी रोड हाईवे पर कस्बा सिकंदरपुर में दोपहर करीब
डेढ़ बजे पुलिस चौकी के सामने बाइक सवार बदमाशों ने बैंक से रुपये निकालकर
बाहर आई टीचर से उसका पर्स लूट लिया। पर्स में जेवरात, नगदी और जरूरी
कागजात रखे थे। दिनदहाड़े हुए घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई।
सूचना
पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, पर तब तक बदमाश फरार हो चुके थे।
प्राथमिक स्कूल महोई की टीचर नीलम मिश्रा पुत्री रामकिशोर मिश्रा ने
शुक्रवार को बैंक ऑफ इंडिया शाखा सिकंदरपुर से पांच हजार रुपये निकाले।
उन्होंने रुपये अपने पर्स में रख लिए। बैंक में भीड़ होने के कारण उन्होंने
जंजीर, कुंडल और अंगूठी भी उतार कर अपने पर्स में रख ली।
वह जैसे ही बैंक
के बाहर निकली, तभी एक बाइक आकर उनके पास रुकी। बाइक सवार बदमाश ने झपट्टा
मारकर उनका पर्स लूट लिया और गुरसहायगंज की ओर रफूचक्कर हो गए। घटना
होते ही टीचर ने शोर मचाया। लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक बदमाश आंखों से
ओझल हो चुके थे। पीड़िता ने चौकी पर जाकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने बाइक सवार बदमाशों की तलाश की, पर कहीं कोई पता
नहीं चल सका। दिनदहाड़े पुलिस चौकी के सामने लूट की हुई घटना से क्षेत्र
में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही कोतवाल आरपी पांडेय भी मौके पर पहुंचे।
पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर घटना की तहरीर दी है।