छिबरामऊ। मरीजों की टीबी रोग की जांच के लिए लाई गई सीबी नॉट मशीन बंद पड़ी है। टीबी रोग की जांच कराने के उद्देश्य से अस्पताल में आने वाले रोगियों को मायूस होकर लौटना पड़ रहा है।
क्षेत्र के ग्राम नगला दिलू स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में टीबी रोगियों की जांच के लिए लगभग एक वर्ष पूर्व सीबी नॉट मशीन लगाई गई थी। इस मशीन को चलाने की जिम्मेदारी लैब टेक्नीशियन अंचल दीक्षित को सौंपी गई। जिससे मरीजों ने राहत की सांस ली। कुछ दिन बाद ही मशीन का यूपीएस खराब हो गया। इस पर सीएमएस डा. कुलदीप यादव ने अधिकारियों को पत्र लिखकर इसे ठीक कराने और सीबी नॉट टेक्नीशियन की नियुक्ति मांग की। शासन स्तर से सीबी नॉट टेक्नीशियन की नियुक्ति तो कर दी गई लेकिन आठ माह से मशीन ठीक नहीं कराई गई। अब रोगियों को टीबी की जांच कराने के लिए जनपद मुख्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इस संबंध में जिला क्षय रोग अधिकारी ने बताया कि डीएचएस (डिस्ट्रिक्ट हेल्थ सोसायटी) द्वारा यूपीएस खरीदने के लिए बजट पास कर दिया गया है। शीघ्र ही यूपीएस खरीदकर सीबी नॉट मशीन को चालू करा दिया जाएगा।
इनसेट...
क्षेत्र में टीवी रोग से ग्रसित हैं 266 मरीज
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के टीवी विभाग के देवेंद्र यादव ने बताया कि जनवरी 2019 से आज तक 266 मरीज टीवी रोग से ग्रसित पाए गए हैं, जिनका उपचार चल रहा है। छह मरीजों का एमडीआर कोर्स चल रहा है।