नगर के मोहल्ला बजरिया चौराहा पर स्थित दुकान से
दिनदहाड़े नगदी भरी गोलक किसी ने पार कर दी। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर
दी है। पड़ोस की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोर की गतिविधियों के
फुटेज कैद होने के बाद उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
देर शाम तक पुलिस ने
मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। मिली जानकारी के अनुसार, मोहल्ला
बजरिया निवासी संजय गुप्ता की मोहल्ले में चौराहे पर मिठाई की दुकान है।
रविवार को उसका पुत्र निखिल गुप्ता दुकान पर बैठा था। दोपहर करीब 11 बजे वह
किसी काम से घर चला गया। वापस आकर देखा तो दुकान से गोलक गायब थी।
निखिल
ने बताया कि गोलक में 20 हजार रुपये की नगदी रखी थी। काफी प्रयास के बाद भी
गोलक चुराने वाले चोर का कोई पता नहीं चल सका। चोरी की जानकारी होते ही
दुकान पर लोगों की भीड़ जुट गई। इस बीच उनकी दुकान के पड़ोस में शिव
शंकरलाल की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के जब फुटेज देखे गए।
सीसीटीवी
फुटेज में चोर की गतिविधियां कैद थी। हालांकि, उसका चेहरा स्पष्ट नहीं
दिखाई दे रहा था। फुटेज के आधार पर लोगों ने चोर की तलाश शुरू कर दी है।
उधर, निखिल ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी है, लेकिन देर शाम तक पुलिस
ने मामला दर्ज नहीं किया था।
इस संबंध में कोतवाल अरविंद मोहन जायसवाल ने
बताया कि मामले की जानकारी मिली है। दरोगा गणेश प्रसाद मिश्रा को मौके पर
जांच के लिए भेजा गया है। इसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी।