छिबरामऊ(कन्नौज)। दिल्ली के निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात के मरकज में शामिल मौलवी को ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने विशुनगढ़ से पकड़ लिया। मौलवी का वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों को तब्लीगी जमात में शामिल होने की जानकारी हुई थी। पुलिस ने थर्मल स्क्रीनिंग के बाद छिबरामऊ के एक गेस्ट हाउस में क्वारंटीन किया है।
दो दिन पहले छिबरामऊ के गनेश चौधरी मोहल्ले में रहने वाले एक मौलवी का वीडियो वायरल हुआ था। इसमें मौलवी तब्लीगी जमात में नजर आ रहा था। वह लोगों से मिल जुल रहा था। शनिवार सुबह मौलवी विशुनगढ़ कस्बे में दिखाई दिया तो ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने पकड़ लिया। उसे छिबरामऊ के एक गेस्ट हाउस में बने क्वारंटीन वार्ड में पहुंचाया गया। यहां पहुंची सौ शय्या अस्पताल की टीम ने थर्मल स्क्रीनिंग की। स्वास्थ्य सामान्य मिला।
क्वारंटीन सेंटर प्रमुख बीईओ सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि मौलवी के अलावा सौरिख से आए दो और युवकों का भी स्वास्थ्य परीक्षण कर क्वारंटीन किया गया है। अब गेस्ट हाउस में क्वारंटीन किए जाने वालों की संख्या 67 पहुंच गई है।
तब्लीगी जमात में शामिल मौलवी को पकड़कर छिबरामऊ के क्वारंटीन वार्ड में रखा गया है। पूछताछ में मौलवी कुछ भी स्पष्ट नहीं बता रहा है। वह तेलंगाना जाने की बात कह रहा है। वीडियो में वह तब्लीगी जमात में दिख रहा है।
- कृष्णलाल पटेल, थानाध्यक्ष विशुनगढ़।