कोतवाल विनोद कुमार को तहरीर सौंपते युवक।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। हाल ही में रिलीज वेब सीरीज तांडव को अमेजन प्राइम पर देख नगर के युवाओं का गुस्सा फूट पड़ा। युवाओं ने धार्मिक भावनाओं और विचारों को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए फिल्म निर्देशक, निर्माता, लेखक व कलाकारों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
नगर के समाजसेवी पुनीत दुबे के नेतृत्व में सोमवार को युवा कोतवाली पहुंचे। यहां कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा को तहरीर सौंपी। इसमें कहा गया कि तांडव फिल्म से हिंदू देवी-देवताओं का अपमान कर धार्मिक मान्यताओं और विचारों पर आघात किया गया। सुनियोजित तरीके से हिंदुओं में जातिवाद की लड़ाई भड़काने का प्रयास किया गया है। फिल्म के निर्देशक अली अब्बास, निर्माता हिमांशु किशन मेहरा, अली अब्बास जफर, लेखक गौरव सोलंकी, कलाकार मो. जीशान अयूब, सैफ अली खान, तिग्मांशु धूलिया, कृतिका कंवरा व अमेजन प्राइम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग की गई।
इस दौरान राजा शुक्ला, अभिषेक पाठक, राहुल दुबे, हिमांशु दुबे, प्रतीक त्रिपाठी व सचिन राज गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे। इस संबंध में कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच कराकर व विधिक राय लेने के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।