जसोदा (कन्नौज)। घने कोहरे के चलते जीटी रोड पर हजरतपुर गांव के पास अजमेर डिपो की रोडवेज बस और कंटेनर में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बस चालक की मौत हो गई। 13 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
सोमवार सुबह करीब सात बजे राजस्थान के अजमेर डिपो की रोडवेज बस सवारियों को लेकर कानपुर जा रही थी। सुंदरलाल(42) पुत्र चुन्नीलाल (निवासी भरतपुर, थाना डींग ) बस चला रहे थे। गुरसहायगंज कोतवाली इलाके में जीटी रोड पर हजरतपुर गांव के पास सामने से आ रहे कंटेनर से टक्कर हो गई। हादसे में बस चालक सुंदरलाल की मौके पर मौत हो गई। परिचालक विष्णु सिसौदिया (38) पुत्र मदन लाल (निवासी बुधवाड़ा, पीसांगन, अजमेर), कंटेनर चालक मनोज कुमार (43) पुत्र राजेंद्र शर्मा (निवासी चिनवर, थाना बिछवां, मैनपुरी), बस में सवार यात्री विमल कुमार (30) पुत्र पातीराम व पूजा पत्नी विमल कुमार (निवासी मसवानपुर, कल्यानपुर, कानपुर), सुशील (26) पुत्र रामनिवास (निवासी गढ़िया कछपुरा, गुरसहायगंज, कन्नौज), अजीत (45) पुत्र जयवीर (निवासी बैजनाथपुर, मैनपुरी), मनोज सिंह (40) पुत्र चंद्रभूषण (निवासी बढ़पुरवा, जगतपुर, रायबरेली), नरेंद्र प्रसाद (35) पुत्र गिरवर व विष्णु (46) पुत्र प्रसादी (निवासी हिमायूंपुर, माधवगंज, हरदोई), विजय प्रताप (32) पुत्र रामसिंह (अशोकनगर, गुरसहायगंज, कन्नौज), बृजकिशोर (60) पुत्र बाबूराम (निवासी छिबरामऊ, कन्नौज) घायल हो गए।
घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि घने कोहरे के चलते हादसा हुआ है।