कन्नौज। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में भाजपा की शानदार जीत पर जिले में भारी उत्साह देखने को मिला। भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया के नेतृत्व में भारी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने इस जीत को जनता की जीत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर भरोसा बताया।
सोमवार को जैसे ही चुनावी नतीजे घोषित हुए मुख्य चौराहों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। सदर बाजार और कलक्ट्रेट में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी और जमकर आतिशबाजी की। इस दौरान जय श्री राम और मोदी-योगी जिंदाबाद के नारे लगे। कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते नजर आए और राहगीरों को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। नेताओं ने कहा कि इन तीन राज्यों के परिणामों ने यह सिद्ध कर दिया है कि देश की जनता केवल विकास और सुशासन की राजनीति को पसंद करती है। जश्न का यह सिलसिला देर शाम तक जारी रहा, जिसमें युवाओं और महिला कार्यकर्ताओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस ऐतिहासिक जीत ने आगामी लोकसभा चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया है। इस दौरान जिले महामंत्री रामसेवक कठेरिया, रामबाबू कटियार, राजेश राजपूत, कुलदीप दोहरे, दीपशिखा पाल, विक्रम त्रिपाठी, रेखा दोहरे, महेंद्र गिहार, ब्लॉक प्रमुख, मंडल अध्यक्ष और भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।