अपनी ससुराल जा रहे सफाई कर्मी के पेड़ में फंसे मिले शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट से मौत की पुष्टि हुई है। घुटनों व हथेली में भी चोट मिली। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
फतेहगढ़ निवासी सुनील कुमार (35) बुधवार को अपनी बाइक से ससुराल शिव सिंहपुर गांव में पत्नी बिंद्रा देवी को लेने जा रहे थे। दोपहर दो बजे सुनील का शव सौरिख रोड पर भगवंतपुर गांव के पास पेड़ की टहनियों में फंसा मिला।
सुनील के परिजनों ने उसकी हत्या का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट से सफाई कर्मी की मौत की पुष्टि हुई। इसके अलावा उसके पैर व हथेली पर चोट मिली।
सीओ शिव कुमार थापा का कहना है कि पुलिस मार्ग दुर्घटना और परिवार के आरोप दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।