कन्नौज। लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी सुबह से ही बादल छाए रहे। शीतलहर के चलने से वातावरण में सर्दी का प्रकोप जारी है। सुबह-शाम और रात को ज्यादा ठंड हो रही है। जिले के अधिकतम तापमान में उतार चढ़ाव हो रहा है, लेकिन न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस पहुंच रहा है।
जिले में दिन प्रतिदिन मौसम में सर्दी बढ़ रही है। शीतलहर के साथ ठिठुरन का सिलसिला लगातार जारी है। जिले में पिछले दो दिनों से सुबह के समय बादल थे। सुबह हल्के बादल छाए रहने से सर्दी अधिक बढ़ गई। लोगों ने ठंड से बचने के लिए अधिक गर्म कपड़े पहने और आग के पास बैठे रहे। लोग जरूरी काम से ही घर से निकले। रात में पाला पड़ने और शीतलहर चलने से जिले के न्यूनतम तापमान में गिरावट आ रही है। दोपहर में ही अच्छी खासी सर्दी का एहसास होने लगा। दोपहर में बीच-बीच में धूप निकली भी, लेकिन बादलों के चलते उसका असर कम ही रहा। उधर, आसमान में बादल छा जाने से किसानों के माथे पर चिता की लकीरें छा गई हैं। किसान अनुपम तिवारी, राजन कटियार, कन्हैया तिवारी आदि का कहना है कि यदि बारिश होती है तो आलू, गेहूं, सरसों की फसल को नुकसान पहुंचेगा।