छिबरामऊ। खेत में पिता के साथ आलू की बोआई करने गए कक्षा 11 के छात्र का सिर ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन से टकरा गया। करंट की चपेट में आने से छात्र गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे सौ शैया अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां सका इलाज चल रहा है।
क्षेत्र के ग्राम नथा नगला निवासी किसान पुष्पेंद्र यादव का 18 वर्षीय बेटा आदर्श यादव सेंट मारिया स्कूल में कक्षा 11 का छात्र है। सुबह वह पिता के साथ खेत में आलू की बोआई करने गया था। तभी खेत के ऊपर काफी नीचे लटक रहे हाईटेंशन तार से उसका सिर छू गया। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन ने बताया कि इसकी शिकायत कई बार जेई से की गई पर तार ठीक नहीं कराए गए। उन्होंने विभागीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं, एसडीओ संजय यादव ने बताया कि कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया है। यदि तार नीचे लटक रहे हैं तो उन्हें दुरुस्त कराया जाएगा।