घटनास्थल पर लगी ग्रामीणों की भीड़।
- फोटो : KANNAUJ
जसोदा (कन्नौज)। पिता की डांट से आहत छात्र ने ट्रेन के आगे छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। इससे परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गुरसहायगंज कोतवाली के गांव भुरजानी निवासी रजनेश कुमार (18) पुत्र रामरतन यादव फर्रुखाबाद के एक डिग्री कालेज में बीएससी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। वह अक्सर अपनी मौसी के घर जाता था। सोमवार रात वह मौसी के घर से लौटा था। इस पर पिता ने उसे डांट दिया था। मंगलवार सुबह पिता की इसी बात को लेकर रजनेश से कहासुनी हो गई। इसके बाद वह किसी को बगैर कुछ बताए घर से निकला आया। करीब 11 बजे जसोदा रेलवे स्टेशन के पास मैकूपुरवा के सामने फर्रुखाबाद से कानपुर जा रही पैसेंजर ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। इससे रजनेश की मौत हो गई। काफी देर तक शव की शिनाख्त नहीं हुई।
जसोदा चौकी प्रभारी ने मृतक के मोबाइल से नंबर देखकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इससे परिवार में कोहराम मच गया। बड़े भाई राजीव कुमार ने बताया कि मौसी के घर जाने को लेकर पिता ने डांट दिया था। इससे रजनेश ने आत्महत्या कर ली है।
फोन पर किसी से बात करने के बाद की आत्महत्या
कन्नौज। फोन पर किसी से करीब आधा घंटे तक बात करने के बाद रजनेश ने आत्महत्या की। खेतों में काम कर रहे किसानों ने बताया कि रजनेश गुमसुम होकर किसी से बात कर रहा था। ट्रेन को आता देखकर दौड़ कर सामने छलांग लगा दी।