कस्बे के मोहल्ला अंबेडकरनगर में शादी समारोह में छेड़छाड़ की घटना होने पर बाराती और जनातियों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चले। पथराव में दोनों पक्षों के करीब 11 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। देर शाम तक दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने के प्रयास जारी रहे। घटना से आहत होकर लड़की ने शादी से ही इंकार कर दिया।
अंबेडकरनगर निवासी इंसाफ की पुत्री मिजान की शादी छिबरामऊ नगर के मोहल्ला सैयदबाड़ा बिरतिया निवासी मोनीस के पुत्र राशिद के साथ तय हुई थी। सोमवार को बैंडबाजे के साथ बारात धूमधाम से लड़की के दरवाजे पर पहुंची। इसी बीच किसी बाराती ने किसी लड़की को छेड़ दिया। इस बात ने तूल पकड़ लिया। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक गाली गलौज हुआ। इसी दौरान किसी ने पथराव शुरू कर दिया।
पथराव होते ही मोहल्ले में भगदड़ मच गई। जिसे जहां जगह मिली उसने छिपकर अपनी जान बचाई। पथराव में छिबरामऊ के बाराती आमिर, अंसार, वाजिद, मुस्तकीम, खन्ना, गुड्डू और अनिल घायल हो गए। खून से लथपथ बारातियों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। उधर पथराव में वधू पक्ष के रिश्तेदार फर्रूखाबाद से आए कुर्बान की पत्नी अली, मकनपुर के शहनूर, कन्नौज के हबीब की बेटी सोनी और कमरूद्दीन भी लहूलुहान हो गए।
बाराती और जनातियों में पथराव और मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के आते ही मामला शांत हो गया। उधर लड़की और उसकी मां ने घटना से आहत कर शादी करने से ही इंकार कर दिया। देर शाम तक दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास चल रहे थे। घटना के संबंध में थानाध्यक्ष बीएल यादव ने बताया अभी किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी। हालांकि जानकारी मिली है कि दोनों पक्षों में समझौते के प्रयास चल रहे हैं।