कन्नौज। एसपी विनोद कुमार ने कहा कि सभी थाना प्रभारी रोजाना सुबह 10 से लेकर दोपहर दो बजे तक थाने में बैठकर फरियादियों की शिकायतें सुनकर निस्तारण कराएं। यदि फरियादी ने शिकायत की कि वह थाने गए थे और वहां थानाध्यक्ष नहीं मिले तो कार्रवाई की जाएगी। यदि थाना प्रभारी अवकाश पर हैं या कोर्ट में गए हैं तो सेकेंड अफसर मौजूद रहेगा। वह शनिवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित अपराध समीक्षा गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।
एसपी ने कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत करने का काम करें। गैँगस्टर एक्ट, एनडीपीएस व महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई की जाए, इसमें हीलाहवाली करने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी। एसपी ने थानेदारों को अपने क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में प्रतिदिन पेट्रोलिंग करने के साथ साथ संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के आदेश दिए। लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण कर वांछितों की शत प्रतिशत गिरफ्तारी करने का फरमान सुनाया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, सीओ सिटी कमलेश कुमार, सीओ तिर्वा प्रियंका बाजपेई, सीओ छिबरामऊ मनोज कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।