आगामी 25 जुलाई को सांसद डिंपल यादव के कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा दिखाई दिया। जानकारी के अनुसार सांसद पीआरए भवन में सांसद आशा ज्योति केंद्र के साथ सेनेटरी नेपकिन बनाने के प्लांट का भी उद्घाटन करेंगी। इसके अलावा सांसद व मुख्य सचिव पंजाब नेशनल बैंक की पूरे प्रदेश में खुलने वाली 115 शाखाओं का उद्घाटन करेंगे। करीब 85 अन्य परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया जाएगा। कार्यक्रम में उनके साथ जिले के प्रभारी मंत्री अहमद हसन व प्रदेश के मुख्य सचिव आलोक रंजन के भी आने की संभावना है।
तैयारियों का जायजा लेने के लिए मंगलवार को डीएम, एसपी, एडीएम, सीडीओ, एएसपी, सीएमओ, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी का काफिला दोपहर करीब एक बजे मेडिकल कालेज पहुंचा। डीएम अनुज कुमार ने हेलीपेड की साफ-सफाई कराने के साथ ही एच को नए सिरे से पेंट कराने के निर्देश दिए। इसके बाद अफसरों का काफिला पीआरए भवन पहुंचा। यहां पर सांसद आशा ज्योति केंद्र के साथ सेनेटरी नेपकिन बनाने के प्लांट का भी उद्घाटन करेंगी। बाद में अफसरों ने ग्राउंड फ्लोर पर स्थित तीन भवनों को आशा ज्योति केंद्र के लिए व तीन कक्षों को नेपकिन प्लांट के लिए सुरक्षित कर दिया।
डीएम ने बताया कि आशा ज्योति केंद्र का उद्घाटन तो यहीं पर होगा। लेकिन बाद में इसका संचालन कन्नौज स्थित विनोद दीक्षित अस्पताल परिसर में बन रहे आशा ज्योति केंद्र के स्थाई भवन में कराया जाएगा। इस ज्योति केंद्र के माध्यम से घरेलू या अन्य हिंसा से परेशान हुई महिलाओं की रिपोर्ट दर्ज करने, उनको चिकित्सीय सुविधा दिलाने व उनके पुनर्वास की व्यवस्था इस केंद्र पर होगी।
इसके बाद अफसरों ने पीआरए भवन से लेकर आडीटोरियम हाल तक कैंपस के फोरलेन रोड को भी देखा। पूरे रास्ते की बैरीकेटिंग कराने के निर्देश दिए। बाद में सभी अफसर आडीटोरियम हाल पहुंचे। इस हाल में सांसद डिंपल व मुख्य सचिव एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसको लेकर सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
डीएम ने बताया कि सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम रहेंगे। वीवीआईपी आडीटोरियम के पिछले गेट से प्रवेश करेंगे। वीआईपी साइड के गेट से व पास धारक व्यक्ति आडीटोरियम के मुख्य गेट से प्रवेश करेंगे। लोकार्पण व उद्घाटन के दौरान सिर्फ चुनिंदा जनप्रतिनिधियों व मीडिया को ही प्रवेश दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मेडिकल कालेज के दोनों गेट बंद रखे जाएंगे। सिर्फ मरीज को अंदर जाने के लिए ओपीडी का छोटा गेट खोला जाएगा।