तिर्वा। भूमि पर विपक्षियों की ओर से दोबारा कब्जा कर प्लाटिंग किए जाने के मामले में डीएम ने शनिवार को नाराजगी जताई और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट से रिपोर्ट तलब की हे।
कस्बे के सुभाष नगर निवासी मोहम्मद आसिफ अंसारी ने बताया कि इंदरगढ़ तिराहे के पास बालाजी मंदिर के पीछे कब्रिस्तान के सामने स्थित भूमि का वर्ष 2014 में दो भाइयों से बैनामा कराया गया था। शेष भूमि अन्य लोगों ने खरीद ली थी, जिन्होंने बाद में प्लाटिंग का कार्य शुरू कर दिया। आरोप है कि प्लाटिंग करने वालों ने उसकी जमीन के एक हिस्से पर भी कब्जा कर लिया। शिकायत करने पर पांच मई को एडीएम के निर्देश पर एसडीएम ने टीम गठित की गई थी।
नायब तहसीलदार अमित कुमार पाठक की अगुवाई में पुलिस की मौजूदगी में पैमाइश कर सीमांकन के लिए खूंटियां लगवाई गई थीं, जिसका वीडियो भी मौजूद है। आरोप है कि टीम के जाते ही आरोपियों ने खूंटियां उखाड़ दीं और दोबारा पूरी जमीन पर कब्जा कर प्लाटिंग शुरू कर दी। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट वैशाली ने बताया कि दोनों पक्षों को बुलाकर अभिलेखों की जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई होगी। यदि राजस्व टीम की कार्रवाई में बाधा डालने की पुष्टि होती है तो पुलिस कार्रवाई भी की जाएगी।