कन्नौज। किसी भी आपात स्थिति में अलग-अलग नंबरों को डायल करने के झंझट से जल्द छुटकारा मिलेगा। 100 नंबर डायल करने पर हर तरह की आपातकालीन सेवाएं आप तक पहुंचेंगी। यानी अब अलग-अलग हेल्प लाइन नंबरों को याद नहीं करना होगा। कॉल वेटिंग की परेशानी भी दूर होगी। 100 नंबर पर फोन करते ही कॉल संबंधित इमरजेंसी सेवा को ट्रांसफर कर दी जाएगी। इससे टीम जल्द मौके पर पहुंच कर मदद करेगी।
100 नंबर पर कॉलिंग के बेहतर परिणाम सामने आने के बाद बड़ा फैसला लिया गया है। इंटीग्रेटेड इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम से सभी तरह की आपात सेवाओं के लिए अब 100 नंबर डायल करना होगा। यह योजना इसी साल लागू होने की उम्मीद है। अभी तक प्रदेश में एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, महिला हेल्प लाइन और चाइल्ड हेल्प लाइन के लिए अलग-अलग नंबर हैं। समस्या के अनुसार लोगों को इन पर कॉल करनी होती है। मुसीबत में कई बार या तो यह नंबर लगते नहीं या फिर याद नहीं रहता कि किस नंबर पर कॉल करनी है। ऐसे में मदद पहुंचने में समय लगता है। समस्या को समझने में भी कॉल सेंटर को परेशानी होती है। ऐसे में लोगों को परेशानियों से बचाने के लिए नई व्यवस्था शुरू की जा रही है। 100 नंबर पर फोन करते ही कॉल संबंधित इमरजेंसी सेवा को ट्रांसफर कर दी जाएगी।
एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि पुलिस की हेल्प लाइन 100 नंबर पर लोगाें ने विश्वास किया है। इससे पूरे देश में मुसीबत के दौरान सिर्फ 100 नंबर पर काल करने की योजना शुरू की जा रही है।
अमेरिका के इमरजेंसी नंबर 91 की तर्ज पर होगा काम
अमेरिका में इमरजेंसी के लिए सिर्फ 91 नंबर डायल करना होता है। इसी तर्ज पर अब 100 नंबर काम करेगा। जल्द ही लखनऊ में एक माह के लिए इसका ट्रायल होगा। इसके बाद योजना लागू कर दी जाएगी। 100 नंबर पर फोन करने के लिए कोई चार्ज नहीं लगेगा।