कन्नौज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) द्वारा घोषित किए गए हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणामों में इत्रनगरी के विद्यार्थियों ने अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। इस वर्ष के परिणामों की खास बात यह रही कि हाईस्कूल में जहां लड़कों ने अपना दबदबा कायम किया, वहीं इंटरमीडिएट की परीक्षा में बेटियों ने सफलता का परचम लहराते हुए जिले का नाम रोशन किया। यूपी बोर्ड हाईस्कूल 90.55 प्रतिशत व इंटरमीडिएट का 78.75 प्रतिशत ही परिणाम रहा।
जिले की मेरिट लिस्ट में लड़कों ने शीर्ष स्थानों पर कब्जा जमाया। कई मेधावी छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर मेहनत को सार्थक किया। स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों ने लड़कों की इस उपलब्धि पर हर्ष जताया है। छात्रों का कहना है कि नियमित पढ़ाई और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। वहीं, इंटरमीडिएट (बारहवीं) के नतीजों में बेटियों ने बाजी मार ली।
जिले की टॉपर सूची में छात्राओं का वर्चस्व रहा। कठिन विषयों में भी बेटियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया कि वह किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। कई छात्राओं ने बताया कि उनका लक्ष्य आगे चलकर प्रशासनिक सेवाओं और तकनीकी क्षेत्र में देश की सेवा करना है। बेटियों की इस सफलता से खुशी की लहर है। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालयों में मिठाई बांटने और जश्न मनाने का सिलसिला शुरू हो गया। जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज ने सफल परीक्षार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि बच्चों ने सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत की है, जिसका परिणाम आज सबके सामने है।
जिले में पांचवां स्थान पाकर वैभव दुबे ने बढ़ाया मान
सौरिख। यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा के घोषित परिणाम में बहादुरपुर मझगवां निवासी वैभव कुमार दुबे ने शानदार सफलता हासिल करते हुए जिले में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। वैभव ने 500 अंकों में से 459 अंक हासिल कर 91.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। वैभव दुबे सौरिख के श्रीमती आशा देवी इंटर कॉलेज के छात्र हैं। मेधावी छात्र की उपलब्धि से परिवार और विद्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई। प्रबंधक दिनेश गुप्ता व सरोज गुप्ता ने वैभव को सम्मानित करते हुए मिठाई खिलाकर बधाई दी। वैभव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुओं को दिया। उसने बताया कि वह आगे चलकर इंजीनियर बनना चाहता है। वैभव के पिता किसान हैं, जिनकी मेहनत और सहयोग से उसने यह उपलब्धि हासिल की है।
फोटो:29: हिमांशु के साथ विद्यालय में मौजूद उसके माता पिता। संवाद
आईपीएस बनकर देश सेवा करने का लक्ष्य
छिबरामऊ। मोहल्ला गनेश चौधरी निवासी पीआरडी जवान रामविलास शर्मा के बेटे हिमांशु शर्मा टैगोर पब्लिक स्कूल में कक्षा 10 के छात्र है। यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में 93.5 प्रतिशत अंक हासिल कर हिमांशु ने पिता व माता रेनू शर्मा के अलावा अपने गुरुजनों को सफलता को श्रेय दिया है। छात्र का कहना है कि पिता पीआरडी जवान है। पुलिस की वर्दी से उसे खासा लगाव है। भविष्य में वह आईपीएस बनकर देश सेवा करना चाहता है। वहीं, भारतीय समाज सशक्तिकरण संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सभासद नरेंद्र शर्मा, कुलदीप यादव, मुनीश गुप्ता, संदीप शर्मा, मंगल शर्मा व आशा शर्मा ने आवास पर पहुंचकर हिमांशु को उसकी उपलब्धि के लिए बधाई दी।
फोटो :30: टॉपर अलौकिक राजपूत को सम्मानित करते प्रबंधक राकेश कटियार। संवाद
टाप टेन में दूसरे स्थान पर चमका अलौकिक राजपूत
गुरसहायगंज। कस्बे स्थित आकाश एजूकेशन सेंटर के छात्र अलौकिक राजपूत ने जिले की टॉप-10 सूची में दूसरा स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अलौकिक ग्राम पंचायत तेराजाकेट के मजरा लाडपुर का निवासी है और अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन व परिवार के सहयोग को देता है। अलौकिक के परिवार में शिक्षा का विशेष माहौल है। उसके बड़े भाई अप्रतिम राजपूत वर्तमान में नीट की तैयारी कर रहे हैं। पिता हितेंद्र सिंह राजपूत यूपीएस गुरसहायगंज में अध्यापक हैं। मां प्राथमिक विद्यालय सूलनपुर में शिक्षामित्र के रूप में कार्यरत हैं। ऐसे शैक्षिक वातावरण ने अलौकिक को बचपन से ही पढ़ाई के प्रति प्रेरित किया। अलौकिक का सपना आईआईटियन बनने का है। उसने बताया कि वह रोजाना नियमित रूप से अध्ययन करता है और कठिन विषयों पर विशेष ध्यान देता है। उसकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। शिक्षकों और परिजनों ने उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी तरह मेहनत जारी रखने की सलाह दी है।