तिर्वा ।कब्जे की शिकायत पर गुरुवार को जांच करने गई राजस्व टीम के साथ कब्जेधारियों ने अभद्रता कर दी।इसके साथ ही धारदार हथियार दिखाकर जान से मार देने की धमकी दी।
तहसील में तैनात लेखपाल संदीप ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कस्बे के अशोक नगर निवासी योगेश कुमार द्वारा समाधान दिवस में प्लाट पर कब्जे की शिकायत का प्रार्थना पत्र दिया गया था। तहसील प्रशासन द्वारा चार लेखपालों की गठित टीम मौके पर जांच करने गई।जांच के दौरान कब्जेधारियों से दस्तावेज मांगे तो वह लोग भड़क गए पर अभद्रता करने लगे और मान चित्र व खसरा को फाड़ दिया।
इसी दौरान एक आरोपी धारदार हथियार को लहराते हुए जान से मार देने की धमकी देने लगा। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर तहसीलदार अवनीश सिंह पहुंच गए और मामले को शांत कराया। एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।कोतवाल संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि राजस्व टीम द्वारा दी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।