मंडी समिति परिसर में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के
प्रत्याशियों के समर्थकों का जमघट सुबह से लग गया। मंडी समिति गेट के आसपास
भीड़ एकत्र करने पर पुलिस ने कई बार लाठी पटककर खदेड़ा। एसडीएम सदर सुनील
शुक्ला व सीओ सदर करन सिंह ने घूम-घूमकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
मंडी
समिति परिसर में रविवार को सुबह शुरू हुई जिला पंचायत सदस्य व क्षेत्र
पंचायत सदस्य पद की मतगणना के दौरान समर्थकों का हुजूम उमड़ा। समर्थक कई
बार मंडी समिति गेट के आसपास एकत्रित होने लगे। भीड़ को बढ़ता देखकर सीओ,
एसडीएम सहित अन्य अफसरों ने भीड़ को लाठी पटककर खदेड़वाया।
हालांकि, इसके
बावजूद भीड़ नहीं हटी। बीडीसी प्रत्याशियों की जीत की घोषणा होते ही समर्थक
खुशी से झूम उठे। प्रत्याशी के प्रमाण पत्र लेकर बाहर निकलते ही उसे
फूल-मालाओं से लाद दिया गया। इसके बाद वह नारेबाजी करते हुए अपने गांव की
ओर प्रस्थान कर गए। फूल-माला की बिक्री करने वालों ने भी मौके पर जमकर चौका
लगाया।
उनके मालाओं की पूरे दिन बिक्री हुई। उधर, मतगणना केंद्र पर ही
विजयी उम्मीदवारों के नाम आदि की आनलाइन फीडिंग की गई। दोनों गेटों पर
खुफिया विभाग के अफसरों ने एजेंटों की सघन तलाशी लेने के बाद ही अंदर
प्रवेश दिया गया। उधर, तालग्राम आंशिक के वार्ड आठ में ग्रामीणों में
अशिक्षा हावी दिखी।
कई मतदाता ऐसे भी निकले जिन्होंने अपने मताधिकार के लिए
मोहर का प्रयोग ही नहीं किया। मतपत्र को पेटी में बिना मोहर लगाए मतपत्र
डाल दिया। हालांकि, वार्ड आठ में 52 प्रत्याशियों के चुनाव मैदान में होने
के कारण बैलेट पेपर काफी बड़ा होने से कई मतपत्र मोड़ने के दौरान दूसरे में
स्याही चली जाने से मतपत्र निरस्त हो गया।
उधर, परिणाम जानने को लोगों में
उत्सुकता रही, जो लोग किसी तरह मतदान स्थल पर मोबाइल फोन ले जाने में
कामयाब रहे, उनके पास फोन दिन भर घनघनाते रहे।