सदर कोतवाली पुलिस ने मंडी समिति में बनी सदर ब्लाक
क्षेत्र की मतगणना स्थल के अंदर से चार मुकदमों में वांछित जिला पंचायत
सदस्य पद के प्रत्याशी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इस दौरान पुलिस कस्टडी
से मौका मिलते ही भागने पर उन्हें दौड़ाकर पकड़ने के बाद जमकर पिटाई भी की
गई।
कोतवाल भुल्लन यादव ने बताया कि पूर्व डीडीसी और वार्ड दो से जिला
पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी नेम सिंह यादव पुत्र रामपाल निवासी बछुइया के
खिलाफ चार मुकदमे दर्ज हैं। नेम सिंह ने कई महीने पूर्व सदर पुलिस के ऊपर
पथराव किया था। यही नहीं तिर्वा क्रासिंग के पास एक अभियुक्त को जबरन पुलिस
पार्टी से छुड़ा लिया था।
ऐसा करके उन्होंने सरकारी काम में बाधा उत्पन्न
की थी, जिसकी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पंचायत चुनाव में उन्होंने मतदान
केंद्र सलेमपुर में भाजयुमो जिलाध्यक्ष सौरभ कटियार के साथ मारपीट की थी।
दूसरे दिन ओवरब्रिज पर पुन: मारपीट में भी नेम सिंह यादव को आरोपी बनाया
गया था।
कुल चार मुकदमों में नेम सिंह वांछित चल रहे थे। कोतवाल के
अनुसार, रविवार को नेम सिंह मतगणना स्थल के अंदर पहुंच गए। मतगणना के दौरान
भी जमकर हंगामा करने लगे। इससे शांति व्यवस्था को खतरा उत्पन्न हो गया।
सूचना पाकर वह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उनको दबोच लिया गया।
डीएम
व एसपी भी इस दौरान मतगणना स्थल का भ्रमण करने पहुंचे। पुलिस कस्टडी से वह
अचानक भाग खड़े हुए। इस पर सिपाहियों ने काफी दूर तक पीछा करने के बाद
उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की गई।