सिकंदरपुर में पुलिस चौकी के सामने टीचर से बाइकर्स
गैंग द्वारा की गई लूट की रिपोर्ट तो पुलिस ने लिख ली, पर कार्रवाई न करने
से टीचरों में रोष व्याप्त है। शुक्रवार को प्रतिनिधिमंडल सीओ से मिला और
उन्हें ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
शुक्रवार को प्राथमिक
शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष सौरभ यादव के नेतृत्व में टीचरों का
प्रतिनिधिमंडल पीड़ित टीचर नीलम मिश्रा के साथ सीओ वीपी सिंह सोलंकी से
मिला और पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न करने की बात कहते हुए चेतावनी दी यदि
शीघ्र खुलासा न हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
पीड़ित टीचर नीलम मिश्रा ने
बताया कि पांच फरवरी को उसने बैंक आफ इंडिया सिकंदरपुर से रुपये निकाले।
इसके बाद वह वाहन के इंतजार में सड़क किनारे खड़ी थी। तभी बाइक सवार
बदमाशों ने बैग लूट लिया था। बैग में नगदी, जेवरात, जरूरी कागजात के साथ
उसका एटीएम कार्ड भी रखा था। मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
अगले
दिन छह फरवरी को उसके मोबाइल फोन पर कई बार फोन कर एटीएम नंबर पूछा गया।
नहीं बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई। जिला संरक्षक सुरेशचंद्र
शास्त्री ने कहा कि संगठन किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेगा। सीओ ने
भरोसा दिलाया कि शीघ्र ही दोषियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष कमलेश दुबे, जिला मंत्री अखिलेश पाठक, ब्लाक
मंत्री रोहित श्रीवास्तव, सुधीर दुबे, रजनी सिंह, अनूप कटियार, भारतेंदु
सिंह, कौशलेंद्र और आनंद सिंह चौहान आदि मौजूद थे।