कन्नौज। शहर के अकबरपुर सरायघाघ में संचालित राजकीय महिला महाविद्यालय में प्रत्येक विषय की दो स्मार्ट क्लास संचालित हो रही हैं। महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए 420 सीटें हैं। यहां प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
इत्रनगरी में युवतियों के लिए सिर्फ एक महाविद्यालय है। दोनों ही छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय से संबद्ध हैं। विश्वविद्यालय की ओर से महाविद्यालय को 420 सीटों पर प्रवेश की अनुमति दी है। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर डॉ. शक्ति सचान ने बताया कि बीए में सात विषयों के तहत पढ़ाई होती है।
एक अप्रैल से प्रवेश फार्म का वितरण शुरू हो गया था, जिसके बाद से लगातार छात्राएं फार्म खरीदने के लिए आ रही हैं। प्रवेश फार्म जमा होने के बाद छात्राओं का साक्षात्कार लिया जाएगा और उसके बाद छात्रा का प्रवेश होगा।
इनसेट
छात्राएं फिटनेस पर भी दे सकती हैं ध्यान
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि छात्राओं के लिए कॉलेज में जिम बनी हुई है। इसके अलावा ई-लर्निंग पार्क और लाइब्रेरी की भी व्यवस्था है। काॅलेज में छात्राएं पढ़ाई के साथ अपनी फिटनेस पर भी ध्यान दे सकती हैं। छात्राओं की पढ़ाई के लिए एक बेहतर वातावरण कॉलेज में बनाया गया है। जिससे छात्राओं को किसी प्रकार की समस्या न हो।