पिता की मौत पर बिलखती पुत्री कामिनी।
- फोटो : अमर उजाला
अमोलर-तालग्राम (कन्नौज)। चौखटा गांव में मवेशियों के लिए चारा काटकर लौट रहा किसान रास्ते में फिसलकर गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। जानकारी होने पर रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गए। मृतक के छोटे भाई ने पुलिस को सूचना दी।
गांव निवासी किसान बेनीराम (52) खेती के साथ मनरेगा में मजदूरी करते थे। शनिवार सुबह वह पत्नी तारा देवी से मवेशियों के लिए चारा लेने की बात कह घर से निकले थे। खेत से चारा लेकर लौटते समय गांव के पास आगरा - लखनऊ एक्सप्रेस वे के समीप चिकनी मिट्टी होने से वह फिसल गए।
गंभीर चोट आने से वह बेहोश हो गए। यह देख आसपास खेतों में काम कर रहे लोग दौड़ पड़े। ग्रामीण जब तक उन्हें अस्पताल ले जाते बेनीराम की मौत हो चुकी है। बेनीराम के छोटे भाई प्रताप सिंह की तहरीर पर दरोगा शिव भगवान मौके पर पहुंचे और कार्रवाई पूरी की।
पति के मौत की सचूना पर खेत पहुंची तारा बेहोश हो गई। पुत्री कामिनी पिता का शव देखकर बिलख पड़ी। परिजन ने दिल्ली में रह रहे उनके एकलौते पुत्र कुलदीप को सूचना दी। दोपहर बाद गांव पहुंचे भाकियू भानु गुट के कानपुर मंडल महासचिव इंद्रजीत पटेल ने राजस्व अधिकारियों से मुआवजा दिलाने की मांग की।