सौरिख(कन्नौज)। स्कूल से लौट रही छात्रा को आरोपी युवक ने कुछ लोगों के साथ गली में घेरकर पीट दिया। बेटी को बचाने के लिए मां आईं तो उन पर हमला कर घायल कर दिया।
इलाके की एक किशोरी नगर के एक इंटर कालेज में कक्षा दस की छात्रा है। छात्रा ने बताया कि 24 अगस्त को गांव के एक युवक ने खेत से लौटते समय उसके साथ छेड़छाड़ की थी। उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोर्ट की शरण ली। इसकी सूचना आरोपी युवक को मिली तो वह समझौते का दबाव बनाने लगा। मंगलवार को वह स्कूल से लौट रही थी। घर की गली में आरोपी युवक परिजनों के साथ गालीगलौज कर समझौते का दबाव बनाने लगा। मना करने पर मारपीट शुरू कर दी। चीख-पुकार सुनकर मां मौके पर पहुंचीं तो आरोपियों ने उनसे भी मारपीट कर दी। परिजनों ने थाने पहुंचकर पुलिस से मामले की शिकायत की। पुलिस ने घायल मां-बेटी को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेज दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि महिला व उसकी मां को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। अब जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। छात्रा के परिजनों ने चौकी इंचार्ज पर जो आरोप लगाए, वह बेबुनियाद और निराधार हैं।
हल्का इंचार्ज पर शह देने का आरोप
पीड़ित छात्रा के परिजनों का कहना है कि हल्का इंचार्ज आलम सिंह की शह पर आरोपी के हौसले बुलंद हैं। हल्का इंचार्ज आरोपी पर कार्रवाई के बजाय हम लोगों पर ही समझौते का दबाव बना रहे हैं। हल्का इंचार्ज आलम सिंह की वजह से ही दो माह पहले छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। इससे आरोपी लगातार परेशान करने लगा। अब आरोपी जान से मारने और गांव खाली कराने की धमकी दे रहे हैं।