क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हालत गंभीर होने पर तीन लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
विशुनगढ़ निवासी सचिन पुत्र रामबाबू सक्सेना शनिवार सुबह अपनी रिश्तेदारी चपुन्ना जा रहे थे। बहवलपुर गांव के पास सामने से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी। इससे सचिन, शिवम पुत्र हरीराम और राजेश पुत्र मुंशीलाल निवासी भावलपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
हालत गंभीर होने पर सचिन और शिवम को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं दूसरी घटना में स्कूल से घर जा रहे ग्राम नथा नगला के प्रशांत पुत्र लज्जाराम और उसका दोस्त गौरव पाल पुत्र रमेश पाल निवासी त्रिलोकापुर साइकिल से गांव जा रहे थे। बहवलपुर के पास तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इससे दोनों घायल हो गए।
उन्हें प्राइवेट चिकित्सकों के यहां भर्ती कराया गया। उधर जीटी रोड हाइवे पर पश्चिमी बाईपास निगम मंडी के पास तेज रफ्तार डीसीएम ने सड़क किनारे खड़े रिक्शा चालक ब्रजेश पुत्र राजू निवासी गोपालनगर को टक्कर मार दी। इससे गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दौड़ कर लोगों ने डीसीएम सहित चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर घायल को सीएचसी में भर्ती कराया।प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
क्षेत्र के ग्राम शंकरपुर में खेत में लगे ट्यूबवेल की कुंडी में डूबकर बालक की मौत हो गई। ग्राम शंकरपुर निवासी गजानंद का चार वर्षीय बेटा अभिनय शनिवार दोपहर खेत पर गया था। उसके खेतों के पास गांव के ही ब्रजेश शाक्य के खेत हैं। उनके खेत में टयूबवेल के पास करीब छह फीट गहरी कुंडी बनी है। किसी तरह बालक अभिनय खेलते हुए कुंडी में गिर पड़ा।
आसपास किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। कुछ देर बाद गजानंद के भाई की बेटी अनिवा अचानक उधर पहुंच गई। जब उसने कुंडी में अभिनय को पड़ा देखा तो वह रोने लगी। उसके बताने पर आस-पड़ोस के लोगों ने कुंडी में झांक कर देखा तो उनके होश उड़ गए। मामले की सूचना परिजनों को दी गई। बच्चे को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।