राजकीय मेडिकल कालेज में पंजाब नेशनल बैंक की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद डिंपल यादव ने 111 शाखाओं का बटन दबाकर उद्घाटन किया। इसमें कन्नौज जिले की 15 शाखाएं शामिल हैं।
शनिवार की दुपहर 11:30 बजे सांसद का हेलीकाप्टर मेडिकल कालेज के हेलीपैड पर उतरा। यहां से वह पीआरए भवन स्थित नेपकिन उत्पादन केंद्र पहुंचीं। सांसद व मुख्य सचिव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर उद्घाटन किया। सांसद डिंपल, मुख्य सचिव व डीजी फाइनेंस शिव सिंह यादव ने एक-एक करके पारिजात के तीन पौधे लगाए। यहां से सांसद आडीटोरियम पहुंचीं।
यहां बैंक के महाप्रबंधक अरविंद तिवारी, मंडल प्रमुख नेहाल अहद, पीएनपी प्रेरणा की शैल, सहायक महाप्रबंधक प्रभात मिश्रा, डीजीएम राजेश गेरा, फील्ड मार्केटिंग मैनेजर सुनील गोयल आदि ने पुष्प भेंट कर उनका स्वागत किया। सांसद ने छात्रा संध्या पुत्री देवेंद्र, अंकिता पुत्री उमाकांत तिवारी को साइकिल, मिनी कामधेनु डेयरी योजना के तहत चयनित हरिओम यादव व सिपाहीलाल यादव को 52-52 लाख रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र दिए।
इस मौके पर बैंक के महाप्रबंधक अरविंद तिवारी ने कहा कि 120 साल पहले आज ही के दिन पंजाब में लाला लाजपत राय ने पीएनबी की स्थापना कराई थी। उन्होंने बैंक का ब्यौरा देते हुए बताया कि यूपी में 1255 बैंक शाखाएं लोगों को बैकिंग सेवाएं मुहैया करा रही हैं। किसानों को राहत व ट्रेनिंग देने के लिए पीएनबी ने दो फामर्स ट्रेनिंग सेंटर खोले हैं।
तीसरा किसान ट्रेनिंग सेंटर अगले साल तक खुल जाएगा। माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री विजय बहादुर पाल ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इसे ऐतिहासिक मौका बताते हुए सांसद को धन्यवाद दिया। इस मौके पर मंडलायुक्त मो. इफ्तखारुद्दीन, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता दोहरे, सदर विधायक अनिल दोहरे, डीएम अनुज कुमार झा, एसपी कलानिधि नैथानी, सीडीओ उदयराज यादव को बैंक अधिकारियों ने सम्मानित किया। सांसद को शाल व प्रतीक चिह्न भेंट किया।
----