कन्नौज। फर्जी गेमिंग एप से ठगी के मामले में गठित एसआईटी को मंगलवार को तीन और कारपोरेट करंट अकाउंट मिले हैं। इनमें करोड़ों रुपये ठगी की रकम का लेनदेन हुआ है। पुलिस ने तीनों अकाउंट फ्रीज करा दिए हैं। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश में दो टीमें दिल्ली और गुजरात के लिए रवाना हो गईं हैं। प्रदेश के बलरामपुर और फर्रुखाबाद में भी गेमिंग एप के आरोपी पकड़े गए हैं। एसआईटी गिरफ्तार ठगों को कोर्ट से रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।
एसपी विनोद कुमार ने प्रकरण की जांच और ठगों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन किया है। सदर कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अब तक 25 से अधिक खातों को फ्रीज किया जा चुका है। पुलिस का मानना है कि फर्जी गेमिंग एप में सैकड़ों खाते जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल गेमिंग एप का मास्टर माइंड अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। बताया कि इन ठगों के खातों में जितने लोगों ने लेनदेन किए है, उनकी भी जांच की जा रही है। ठगी की रकम मिलने पर इन खातों को भी फ्रीज कराया जाएगा।
बलरामपुर और फर्रुखाबाद टीम जाएगी
कन्नौज के अलावा बलरामपुर व फर्रुखाबाद में भी गेमिंग एप से ठगी करने वाले आरोपी पकड़े गए हैं। एसआईटी इन दोनों जिलों में भी जाएगी और यह पता लगाएगी कि इनके तार कहां-कहां जुड़े हैं। कन्नौज में पकड़े गए आरोपियों से इनका लिंक हो सकता है। अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि यह बहुत बड़ा जाल है, जिसे एसआईटी ही सुलझा सकती है। टीम संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। जल्द ही पूरे गिरोह का राजफाश किया जाएगा।