गुरसहायगंज। खेत गिरवी रखने के बहाने महिला के परिवार वालों ने 10 लाख रुपये ठग लिए। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर उसके साथ गालीगलौज, मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को पांच लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र की चौकी रामाश्रम के गांव महोना निवासी राधा कुशवाहा ने रिपोर्ट में बताया कि वह वर्तमान में महाराष्ट्र के जिला थाणे के पारसनाथ नगरी में रह रही है। परिवार के ही रामलखन, माला, शिवराम, राजन कुशवाहा और रिया खातून ने षड्यंत्रपूर्वक चार मई की रात साढ़े आठ बजे चाचा रामलखन ने खेती गिरवी रखने का झांसा देकर मोबाइल के माध्यम से विभिन्न खातों में पांच लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। इससे पहले भी 2023-24 में कई बार अलग-अलग खातों में पांच लाख रुपये ले चुके हैं। फसल का हिसाब करने के लिए जब गांव आई तो आरोपियों ने हिसाब करने से इन्कार कर दिया। पंचायत बुलाई फिर भी आरोपी नहीं माने और गालीगलौज कर उसके साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि दोबारा गांव आने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। कोतवाल आलोक दुबे ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।