कन्नौज। रक्षा बंधन पर सरकार ने महिलाओं को रोडवेज बसों में तीन दिन निशुल्क यात्रा की सुविधा दी है। महिलाएं आठ अगस्त यानी शुक्रवार की सुबह छह से 10 अगस्त की रात 12 बजे तक निशुल्क यात्रा कर सकती हैं। एक महिला के साथ सहयात्री भी सफर कर सकेगा। बस कंडक्टर बहनों को जीरो मूल्य की टिकट देगा। ताकि मुफ्त यात्रा करने वाली महिलाओं की संख्या पता चल सके। साथ ही सरकार उसका भुगतान परिवहन निगम को कर सके।
कन्नौज डिपो के बेड़े में 75 परिवहन निगम की और तीन अनुबंधित रोडवेज बसें हैं। निशुल्क यात्रा की सुविधा होने के कारण यात्रियों की संख्या बढ़ने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसको देखते हुए परिवहन निगम ने तैयारी पूरी कर ली हैं। एआरएम एमएल वर्मा ने बताया कि महिलाओं और उनके साथ एक सहयात्री को तीन दिनों के लिए निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है। यात्रियों को रोडवेज बस के लिए परेशान न होना पड़े इसके लिए बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे। बसों का संचालन करने के लिए चालकों व परिचालकों के लिए प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। कन्नौज डिपो के अधिकारियों ने बताया कि रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री योगी ने बहनों को तीन दिन का मुफ्त यात्रा का तोहफा दिया है। एआरएम एमएल वर्मा का कहना है कि रक्षाबंधन पर आठ अगस्त सुबह छह बजे से 10 अगस्त रात 12 बजे तक रोडवेज बस में बहनों के लिए यात्रा मुफ्त कर दी गई है। चालक परिचालकों सहित अन्य अधिकारियों व कर्मियों के अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं। ताकि व्यवस्थाएं बेहतर हो सकें
पिछले साल दो दिन दी गई थी सुविधा
वर्ष 2024 में रक्षाबंधन पर यह सुविधा 18 से 19 अगस्त तक दी गई थी। हजारों बहनों ने रोडवेज की मुफ्त सेवा का लाभ उठाया था। इस बार यात्रा की अवधि को बढ़ाकर तीन दिन कर दिया गया है, ताकि रक्षाबंधन से एक दिन पहले और एक दिन बाद लौटने वाली बहनों को भी सहूलियत मिल सके।
-
कार्यशाला में नौ दिन में 24 घंटे होगा काम
निगम निर्देशों के तहत 7 से 15 अगस्त तक कार्यशाला 24 घंटे खुलेगी। बेगबाइज, ईटीएम, डीजल और चेकिंग विभागों में कर्मचारियों को शिफ्टवार तैनात किया गया है,ताकि बसों की तकनीकी जांच व संचालन निर्बाध रूप से जारी रहे।
।