कन्नौज। खेलने के दौरान बच्चों के बीच हुआ मामूली झगड़ा विवाद का कारण बन गया। जेठानी ने गर्भवती देवरानी के पेट में मार दिया, जिससे कोख में पल रहे शिशु की मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर पर बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सदर कोतवाली के सलेमपुर तारा बांगर निवासी त्रिपुरारी ने बताया कि 18 अक्तूबर को मोहल्ले में उसके बच्चों और भाई अच्छे के बच्चों के बीच खेल-खेल में झगड़ा हो रहा था। तभी दूसरे भाई साजन की पत्नी गुंजा वहां आ गई और उसकी पत्नी रामश्री के साथ गालीगलौज करते हुए पीटने लगी।
त्रिपुरारी ने बताया कि पत्नी नौ माह की गर्भवती थी। मारपीट के बाद उसके पेट में तेज दर्द शुरू हो गया। दर्द ज्यादा होने पर 19 अक्तूबर की रात को जिला अस्पताल के महिला विंग में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने मृत बच्चे का प्रसव कराया। आरोप है कि गुंजा की पिटाई से यह घटना हुई है। पीड़ित महिला जिला अस्पताल के महिला विंग में भर्ती है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।