कन्नौज। नोडल अफसर अनिल गर्ग और डीएम रवींद्र कुमार ने तालग्राम ब्लाक के समगुरा बहादुरपुर में चौपाल लगाई। इस दौरान गांव की महिलाएं मुखर हो गईं। अफसरों के सामने महिलाओं ने गांव में बन रही कच्ची शराब की समस्या उठाई। इन्होंने कहा कि इस पर रोक लगवा दो। कई घर इससे बर्बाद हो रहे हैं। महिलाओं ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का भी आरोप लगाया। इस पर नोडल अफसर ने नाराजगी जताई। पुलिस को सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए। आयुष्मान गोल्डन कार्ड न बनने पर भी नोडल अफसर और जिलाधिकारी ने चिकित्साधिकारी से नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि तीन दिन में तालग्राम ब्लाक के सभी पात्रों के गोल्डन कार्ड बन जाएं।
नोडल अफसर अनिल गर्ग ने जिलाधिकारी रवींद्र कुमार के साथ ग्राम पंचायत समगुरा बहादुरपुर के प्राथमिक विद्यालय में चौपाल लगाई। जिला विकास अधिकारी नरेश बाबू सविता ने गांव में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। नोडल अफसर ने संतोषी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि समूह से अच्छी बचत हुई है। अब किसी साहूकार के आगे भीख नहीं मांगनी पड़ती। जिलाधिकारी ने आयुष्मान गोल्डन कार्ड की जानकारी मांगी। एएनएम स्नेहलता व चिकित्साधिकारी डॉ. उमेश चंद्र वर्मा कुछ भी नहीं बता सके। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्हें बताया गया कि ग्राम पंचायत में 62 लाभार्थी हैं। 24 के गोल्डन कार्ड बने हैं। शेष के क्यों नहीं बने, इसका जवाब अधिकारियों के पास नहीं था। डीएम ने तीन दिन के अंदर तालग्राम ब्लाक के सभी लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाने के निर्देश दिए।
गांव के विक्रम सिंह ने मिनी पशु चिकित्सालय की समस्या बताई। मीनू देवी ने राशनकार्ड न बनने का दुखड़ा रोया। नरेंद्र कुमार ने अन्ना पशुओं से निजात दिलाने की मांग की। मोहित सिंह ने बिजली मीटर लगने के बावजूद 15 हजार का बिल आने की शिकायत की। इसी दौरान गांव की महिलाएं नोडल अफसर के सामने पहुंच गईं। इन्होंने कहा कि गांव में बन रही कच्ची शराब पर रोक लगाई जाए। जिलाधिकारी ने अन्ना पशुओं को पकड़वाने के मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए। नोडल अफसर ने कच्ची शराब बनने पर चौकी इंचार्ज जमाल खां, कोतवाल नागेंद्र कुमार पाठक को तुरंत रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वह 15 दिन में फिर आकर घर-घर जानकारी करेंगे।
चौपाल में मुख्य विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, छिबरामऊ उपजिलाधिकारी गौरव शुक्ला, सीओ सदर श्रीकांत प्रजापति, खंड विकास अधिकारी चंद्र भान सिंह, बीडीओ पवन कुमार द्विवेदी, प्रधान डॉ. रामनिवास राजपूत, कानूनगो अमित कुमार मिश्रा, लेखपाल ओम प्रकाश तिवारी आदि मौजूद रहे।
सरकारी विद्यालय में वाटर ड्रेनेज सिस्टम देख दंग रह गए
तेराजाकेट। समगुरा बहादुरपुर प्राथमिक विद्यालय में वाटर ड्रेनेज सिस्टम स्थापित है। विद्यालय की इस खूबी को देखकर नोडल अफसर और डीएम भी खुश हुए। उन्होंने सचिव विमल दुबे की पीठ थपथपाई। सचिव ने बताया कि इस प्राथमिक विद्यालय में आठ कमरे हैं। सभी कमरों की छतों से बारिश का पानी जमीन में जाता है। हैंडपंप का पानी भूगर्भ रिचार्ज कर रहा है। डीएम रवींद्र कुमार ने नोडल अफसर को बताया कि वाटर ड्रेनेज सिस्टम से आच्छादित यह जिले का अकेला विद्यालय है। सचिव को दिल्ली में सम्मानित करने के लिए बुलाया जा रहा है।
नोडल अधिकारी ने सीसीटीवी कैमरा लगाने की दी हिदायत
तालग्राम। नोडल अधिकारी ने डीएम व एसपी के साथ तालग्राम थाने का निरीक्षण किया। हवालात में सीसीटीवी कैमरा लगाने की हिदायत दी। कंप्यूटर आपरेटर के कार्य को देख सराहना की। शुक्रवार को नोडल अधिकारी अनिल गर्ग, डीएम रवींद्र कुमार, एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह, सीओ सिटी श्रीकांत प्रजापति, एसडीएम गौरव शुक्ला के साथ तालग्राम थाने पहुंचे। कार्यालय में कंप्यूटर पर कार्य कर रही महिला आरक्षी ममता से कंप्यूटर के बारे में तकनीकी जानकारियां ली। दीवान बलवंत सिंह से रजिस्टर नंबर आठ, चार को देखा। मालखाने में असलहों को भी जांचा। हवालात में सीसीटीवी कैमरा न लगे होने पर प्रभारी निरीक्षक राजा दिनेश सिंह को हिदायत दी।