कन्नौज। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के बाद इत्रनगरी में तीन लाख मतदाता कम हो जाएंगे। अभी गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का काम 77.67 प्रतिशत हुआ है जबकि 22.32 प्रतिशत काम शेष है। जिले में 2,87,718 मतदाता ऐसे मिले हैं जिनका पता नहीं चला है। इनमें 38,169 मृत हैं। अब मैपिंग का काम किया जा रहा है जो गति नहीं पकड़ रहा है। निर्वाचन विभाग का दावा है कि निर्धारित समय में एसआईआर का काम पूरा कर लिया जाएगा।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कुमार कटियार ने बताया कि जिले में 12,89,220 मतदाता थे। गणना प्रपत्रों की फीडिंग के बाद जिले में 28,77,18 मतदाताओं का कहीं पता नहीं चल पा रहा है। इसमें 10,6,484 मतदाता लापता हैं जबकि 11,9,475 दूसरे शहरों में शिफ्ट हो चुके हैं। 4,295 ऐसे हैं जिनके बारे में बीएलओ को कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है।
उन्होेंने बताया कि कई गणना प्रपत्र अधूरे भरे हैं जिससे बीएलओ को मैपिंग कार्य में दिक्कत हो रही है। जिले में अब तक 13,5,862 मतदाताओं की मैपिंग का काम पूरा हो चुका है। 11 दिसंबर तक मैपिंग का काम पूरा कर लिया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बताया कि जिले के सभी विभागों के अधिकारियों को डिजिटाइजेशन एवं फीडिंग कार्य में लगाया गया है। निर्धारित समय में काम पूरा कर रिपोर्ट चुनाव आयोग को भेज दी जाएगी।
छिबरामऊ में 77 हजार मतदाताओं की हो चुकी मैपिंग
छिबरामऊ। गणना पत्रक जमा करने का कार्य पूरा होने के बाद मतदाताओं की मैपिंग का कार्य शुरू हो चुका है। सोमवार तक 77 हजार मतदाताओं की मैपिंग हो चुकी है। निर्वाचन कक्ष में मैपिंग कार्य की समीक्षा के बाद एसडीएम ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के 550 बूथों पर गणना पत्रक जमा होने के बाद मैपिंग का कार्य शुरू हो चुका है। मैपिंग में सन् 2003 की मतदाता सूची तथा वर्तमान मतदाता सूची की मैपिंग की जा रही है। उन्होंने सभी बीएलओ तथा सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि 11 दिसंबर से पहले मैपिंग का कार्य शत प्रतिशत पूरा करें। छिबरामऊ विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में कुल 4.80 लाख मतदाता थे जिसमें 3.53 लाख मतदाताओं ने गणना पत्रक जमा किए हैं।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने किया निरीक्षण
जलालाबाद। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देश पर विकास खंड कन्नौज और जलालाबाद में चल रहे ऑनलाइन मैपिंग कार्य का ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, सदर तहसीलदार अर्पित कुमार ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि ऑनलाइन मैपिंग कार्य को पूर्ण पारदर्शिता, शुद्धता एवं समयबद्धता के साथ संपादित किया जाए। कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण निर्वाचन कार्य का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है इसलिए प्रत्येक प्रविष्टि को सावधानीपूर्वक दर्ज किया जाए और मैपिंग कार्य में तकनीकी मानकों का पूर्ण पालन किया जाए।