चोरी के बाद कमरे में बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : KANNAUJ
तालग्राम(कन्नौज)। जीआरपी सिपाही के कमरे का ताला तोड़कर चोरों ने करीब दो लाख रुपये की कीमत के जेवर पार कर दिए। परिजनों ने सामान बिखरा देखकर सिपाही को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की है।
तालग्राम थाने के निकवा गांव निवासी सेवानिवृत्त लेखपाल भारत सिंह यादव का बेटा जितेंद्र कुमार आगरा कैंट थाने में जीआरपी में सिपाही के पद पर तैनात है। जितेंद्र कुमार की पत्नी बच्चों के साथ कन्नौज में रहती हैं। मंगलवार रात घर में चोर घुस गए। दूसरी मंजिल पर स्थित जितेंद्र के कमरे का ताला तोड़ दिया। अंदर घुसकर बक्से और अलमारी के ताले तोड़ दिए। चोर करीब दो लाख रुपये की कीमत के जेवर चुरा ले गए।
बुधवार सुबह भारत सिंह ने सामान बिखरा देखकर बेटे को जानकारी दी। इसके बाद पहुंची पुलिस ने मुआयना किया। प्रभारी निरीक्षक राजा दिनेश सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध लगा रहा है। जांच की जा रही है।