धनतेरस नजदीक आते ही सोने-चांदी की चमक सराफा बाजार में दिखने लगी है। चांदी के सिक्कों की मांग देखी जा रही है। वहीं इस बार कारोबारी चांदी के नोटों के अलावा चांदी के बने डालर बाजार में लेकर आए हैं। चांदी के डालर ढाई ग्राम से लेकर 20 ग्राम तक हैं। जिनकी कीमत 400 से लेकर पांच हजार रुपये तक है। चांदी के बर्तन की भी अच्छी मांग देखी जा रही है। पिछले वर्षों की तुलना में चांदी के भाव में कमी के चलते भारी चांदी के बर्तन बाजार में हैं।
पुराने चांदी के सिक्कों की मांग ज्यादा
सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक नरायण मिश्रा ने बताया कि इस बार चांदी के पुराने सिक्कों की मांग बाजार में अधिक है। खास तौर पर ग्राहकों को विक्टोरिया व जार्ज पंचम के सिक्के अधिक पसंद आ रहे हैं। वहीं कुछ ग्राहक ही गणेश-लक्ष्मी के सिक्के खरीद रहे हैं। सराफा कारोबारी वीरेंद्र कनौजिया बताते हैं कि पुराने सिक्के 700-800 रुपये मूल्य पर बिक रहे हैं।
चांदी के डालर से गुलजार हो रहा सराफा कारोबार
सराफा व्यापारी उमाकांत ने बताया कि इस बार धनतेरस पर ग्राहकों के लिए चांदी का बना डालर आया है। जिसकी अच्छी मांग है। वहीं चांदी के सिक्कों के अलावा चांदी के बने रुपयों की भी मांग खूब है।
चांदी के बर्तनों भी है चलन में
सराफा व्यापारी चंद्र प्रकाश वर्मा उर्फ ललईयां ने बताया कि चांदी के बर्तनों की भी मांग हो रही है। जिसमें चम्मच, गिलास, कटोरी, छोटी थाली भी लोगों को पसंद आ रही है। वहीं गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति भी लोग खरीद कर ले जा रहे हैं। इस भार अधिक भार वाले बर्तन की मांग है।
पुराने सिक्कों में आता है रोजाना उछाल
सराफा कारोबारी विनोद अग्रवाल बताते हैं कि चांदी के पुराने सिक्कों की डिमांड के अनुसार इसमें उछाल और गिरावट रहती है। पिछले साल 730 रुपये से लेकर 895 रुपये तक पुराना सिक्का बिका था। इस बार भाव में मामूली बढ़ोतरी है।