छिबरामऊ(कन्नौज)। झंडा चढ़ाकर गांव जा रहा ट्रैक्टर बाइक सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। एक दर्जन युवक घायल हो गए। आधा दर्जन युवकों को गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा के लिए रेफर कर दिया गया है।
रविवार को मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम गणपतपुर के लोग दो ट्रैक्टरों पर सवार होकर ग्राम पिडारीखेड़ा रोहलिन थाना तालग्राम में झंडा चढ़ाने आए थे। यहां से झंडा चढ़ाने के बाद गांव जा रहे थे। करमुल्लापुर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। हादसे में गणपतपुर निवासी राजकुमार सिंह उर्फ पप्पू (55) पुत्र भारत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। सुधीर पुत्र पूरन सिंह, मोहर सिंह पुत्र राधेश्याम, रवि कुमार पुत्र दिनेश, सुधीर पुत्र देशराज, अविनाश पुत्र रामतीर्थ, गुड्डू पुत्र देवराज, हरिनारायण पुत्र रामपाल, अभिषेक पुत्र आलम सिंह, अभिषेक पुत्र सुरेश, उमेश पुत्र मूलचंद, विनय कुमार पुत्र रक्षपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से सौ शय्या संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
मामले की जानकारी पाकर एसडीएम गौरव शुक्ला अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने चिकित्सकों से गंभीर रूप से घायल युवकों को रेफर करने के लिए कहा। अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सुधीर और मोहर सिंह को ग्रामीण आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई व रवि, सुधीर, अविनाश,गुड्डू व अभिषेक को राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा के लिए रेफर कर दिया।
चिकित्सकों की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
मार्ग दुर्घटना की जानकारी पाकर भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह राजपूत अपने समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने चिकित्सकों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामूली रूप से घायल युवकों को रेफर करने पर पर कड़ी आपत्ति जताई।