वारदात की जानकारी देते राम आसरे चतुर्वेदी।
- फोटो : CHIBRAMAU
सौरिख(कन्नौज)। इंदिरा नगर मोहल्ले में खंडहर पड़े मकान की छत से होकर चोरों ने गुरुवार रात एक घर में चोरी की। सिलिंडर, कार की बैटरी व चार हजार रुपये चुरा लिए। खटपट की आवाज सुनकर परिजनों ने शोर मचा दिया। इससे चोर सिलिंडर व बैटरी छोड़कर भाग निकले। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।
चोरी की वारदात मोहल्ले के राम आसरे चतुर्वेदी के घर हुई। परिजनों ने बताया कि चोर पास के खंडहर मकान की छत से घर में घुस गए। रसोई गैस सिलिंडर, कार की बैटरी और खूंटी पर टंगे कपड़ों से चार हजार रुपये निकाल लिए। शोर मचाने पर चोर भाग निकले। राम आसरे के बेटे आशू ने चोरों का पीछा किया। यह अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। चोर सिलिंडर और बैटरी नहीं ले जा सके। पड़ोस के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरों की तस्वीर कैद हुई है।