कन्नौज/तिर्वा। संयुक्त कर्मचारी संघ के आह्वान पर शिक्षणेतर व स्वास्थ्य कर्मियों ने जगह-जगह काली पट्टी बांध कर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग की।
शनिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में माध्यमिक शिक्षणेतर संघ के पदाधिकारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव मिश्र ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग रखी। साथ ही 300 दिन के अर्जित अवकाश के नगदीकरण, शिक्षणेतर कर्मियों को शिक्षक पद पर पदोन्नति की मांग की। इस मौके पर संजीव कुमार, बलराम, अनुज कुमार आदि लोग मौजूद रहे।
वहीं तिर्वा सीएचसी पर प्रदर्शन के दौरान संयुक्त राज्य चिकित्सा संघ के अध्यक्ष फार्मासिस्ट डॉ.एसपी राजपूत ने बताया कि विरोध प्रदर्शन 27 फरवरी तक चलेगा। सरकार को स्वास्थ्य कर्मचारियों की मेहनत को देखते हुए सभी मांगें पूरी करनी चाहिए। स्वास्थ्य कर्मियों ने काली पट्टी बांधकर सरकार का विरोध किया। इस मौके पर प्रीती यादव, प्रियंका, सुमित, धर्मेंद्र यादव, रुचि वर्मा, अमृता स्वरूप, विनोद कुमार, सुरेश समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
मांगें पूरी न होने से कर्मचारी खफा
तालग्राम। मांगें पूरी न होने से कर्मचारी खफा हैं। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश रावत और महामंत्री अतुल मिश्रा के आह्वान पर 27 फरवरी तक होने वाले विरोध प्रदर्शन के दूसरे दिन सीएचसी तालग्राम में स्वास्थ्य कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। काली पट्टी बांधकर विरोध जताया गया। फार्मासिस्ट विजय वर्मा की अगुवाई में सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाए। निजीकरण, आउटसोर्सिंग और ठेकेदारी प्रथा को समाप्त करें। छठे वेतन की विसंगतियाें को दूर करते हुए सातवें वेतन आयोग का लाभ देने के साथ फील्ड के कर्मचारियों को वाहन भत्ता मिले। कर्मचारियों की 18 मांगों को पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि 27 फरवरी तक दफ्तर में काली पट्टी बांध कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके डॉ. अमित वर्मा, डॉक्टर योगेश राजपूत, रिंकू गौतम, अंकित, पियूष यादव, महेंद्रसिंह, शमसाद, नवीन, सीएचओ पंकज, रजनीश, अनिल चौहान, सुखदेव, दिनेशचंद्र और कुलदीप मौजूद रहे।