जलालाबाद (कन्नौज)। गुगरापुर प्राथमिक विद्यालय के शिक्षामित्र का शनिवार सुबह कटरी क्षेत्र में शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर कन्नौज पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घटनास्थल हरदोई के अरवल का होने के चलते शव को नहीं उतारा। छह घंटे तक कन्नौज और हरदोई पुलिस के बीच सीमा विवाद चलता रहा। बाद में अरवल पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव नरेंद्रपुर निवासी शैलेंद्र यादव (42) गुगरापुर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र थे। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब दो बजे शैलेंद्र बिना बताए घर से निकल गए और वापस नहीं आए।
नौरंगपुर चौकी के आगे कटरी क्षेत्र में ग्रामीणों ने शव फंदे पर लटका देख पुलिस को घटना की जानकारी दी। गुरसहागंज काेतवाली क्षेत्र के नौरंगपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घटनास्थल हरदोई के अरवल थाना क्षेत्र का होने के कारण पुलिस टीम ने शव को नहीं उतारा। अरवल थाना पुलिस को जानकारी दी।
दोनों जिलों की पुलिस के बीच छह घंटे तक मामला उलझा रहा। आखिर में अरवल पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर मौजूद अरवल थाने के एसआई रामचंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।