उत्तर प्रदेश दूरस्थ बीटीसी शिक्षक संघ ने अपर
जिलाधिकारी संतोष कुमार वैश्य को मांगपत्र सौंपकर बायोमीट्रिक स्मार्ट और
आधार कार्ड की ड्यूटी का मानदेय दिलाने की गुहार लगाई है।
संघ के
जिलाध्यक्ष हृदेश दुबे, जिला महासचिव बसंत शुक्ल, संजय सिंह, वरिष्ठ शिक्षा
मित्र आलोक चतुर्वेदी, मुकेश राजपूत, रामबरन, प्रदीप राजपूत ने
प्रार्थनापत्र देकर कहा कि सदर तहसील और कन्नौज नगर पालिका परिषद के तहत
आने वाले गांव व वार्डों में वर्ष 13 से मार्च 14 तक राष्ट्रीय जनसंख्या
रजिस्टर एवं आधार कार्ड बनाने का काम हुआ था।
इसमें शिक्षामित्रों की
ड्यूटी प्रगणक के रूप में लगाई गई थी। इस दौरान शिक्षामित्रों ने घर-घर
जाकर एनपीआर अनुसूची में केवाईआर फार्म भरकर वितरित किए थे। कैंप वाले दिन
उपस्थित रहकर आधार कार्ड बनाने में सहयोग दिया था। इसके बदले एक हजार रुपये
मानदेय मानदेय देने को कहा गया था, लेकिन दो वर्ष हो गए पर उक्त मानदेय
नहीं दिया गया।
जिलाध्यक्ष का कहना है कि बीते छह महीनों से
शिक्षामित्रों को मानदेय भी नहीं मिल रहा है, इसलिए आधार कार्ड बनाने
संबंधी भुगतान कराया जाए, ताकि वह लोग अपने परिवार में भरण पोषण में कुछ
राहत महसूस कर सकें। एडीएम ने मामले की छानबीन कराकर न्यायोचित कार्रवाई के
निर्देश दिए हैं।
उधर, दूरस्थ बीटीसी शिक्षक संघ की जिला मुख्यालय पर
गुरुवार को बैठक हुई। इसमें बसंत शुक्ला को जिला महासचिव, प्रदीप कुमार
राजपूत को सदर ब्लाक का अध्यक्ष व रिजवान काजी को तालग्राम ब्लाक का
अध्यक्ष चुना गया है। इस दौरान हरिश्चंद्र, प्रदीप नारायण, संजय कुशवाहा
आदि लोग मौजूद थे।