विवाद कर रहे लोगों को समझाते दरोगा आशुतोष यादव।
- फोटो : KANNAUJ
गुरसहायगंज(कन्नौज)। खेत में शव दफनाने को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। इसके बाद राजस्व विभाग की टीम ने पहुंचकर जमीन के स्वामित्व का फैसला कर मामले का निपटारा कराया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव ऊंचा निवासी नूर मोहम्मद और करामात चचेरे भाई हैं। सोमवार को करामात के पिता अशफाक की मौत हो गई। इस पर मंगलवार को पलटेपुरवा जाने वाले मार्ग के निकट खेत में शव दफनाने के लिए कब्र खोदी गई। इसकी जानकारी पर नूर मोहम्मद ने खेत को अपना बताकर शव दफनाने से मना कर दिया। इस पर दोनों पक्षों में विवाद होने लगा। गाली-गलौज होते ही मौके पर भीड़ लग गई।
सूचना पाकर दरोगा आशुतोष यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने झगड़े पर आमादा लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। पूछताछ में नूर मोहम्मद ने दरोगा को संबंधित जमीन को अपना बताया। करामात ने भी इस जमीन पर अपना दावा किया। क्षेत्रीय लेखपाल दुर्गेश गुप्ता ने पैमाइश कर जमीन का मालिक नूर मोहम्मद को बताया। इससे मामला शांत हो गया।