छिबरामऊ(कन्नौज)। नगर पालिका नलकूप की मोटर खराब होने से करीब तीन दिन से पानी की किल्लत से जूझ रही तकरीबन दस हजार की आबादी केे लिए पानी के टैंकर भेजेगी। वहीं बोर्ड की बैठक में सर्व सम्मति से 24 प्रस्तावों पर मुहर लगी। इन पर जल्द काम शुरू कर दिया जाएगा।
चेयरमैन राजीव दुबे और ईओ सुरेंद्र कुमार केसरवानी की मौजूदगी में बोर्ड की बैठक शुरू हुई। बैठक में शास्त्रीनगर मोहल्ले में पेयजल दिक्कत का मामला उठाया गया। बताया गया कि शास्त्री नगर मोहल्ले का नलकूप तीन दिन से खराब है। यहां की करीब दस हजार जनता को पानी के लिए दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इस पर सभी की सहमति से टैंकर से पानी की आपूर्ति कराना तय किया गया। वहीं जनहित के 24 प्रस्तावों पर आम सहमति बनाकर काम को मंजूरी दी गई। समस्याओं को लेकर सभासदों ने चेयरमैन को ज्ञापन भी दिया। इस दौरान बैठक में सभासद सुशील पांडेय, दिलीप गुप्ता, अतुल वर्मा, चंदन, अरविंद गुप्ता, मो. शब्बीर, शिवदेवी चौहान, मंजरी दुबे, रानी सहित कई सभासद मौजूद रहे।
इन प्रमुख कार्यों पर लगी मुहर
वार्ड नं. 12 में टूटी नालियों की मरम्मत, आवास विकास कालोनी में नाली पर जाल डलवाने, मुख्य मार्ग पर प्रकाश के लिए बल्बों की व्यवस्था, नगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तालाबों की पैमाइश कराकर बोर्ड लगवाना तय किया गया। लश्करी तालाब पर लगी डिमांड को समाप्त करने, पालिका की निष्प्रयोज्य सामग्री की सूची तैयार कर खुली नीलामी, पालिका की अनुमति के बिना सरकारी भूमि पर पोस्टर, बैनर, होर्डिंग न लगने, इनका शुल्क व समय दोनों करने, तालग्राम रोड पर एमएफआर सेंटर कमालपुर में बाउंड्री के किनारे दुकानें बनवाकर किराये से पालिका की आय बढ़ाने, तिलखोरी तालाब की जमीन को तार लगवाकर सुरक्षित करने, नई बस्ती सराफान में सड़क बनवाने व पानी की सप्लाई शुरू करने पर मुहर लगी।