एक्सप्रेसवे से क्षतिग्रस्त कार को हटाती मशीन।
- फोटो : CHIBRAMAU
सौरिख(कन्नौज)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात खड़ी कार को पीछे से दूसरी कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों कारों में बैठे सात लोग घायल हो गए। घायलों को राजकीय मेडिकल कालेज तिर्वा रेफर कर दिया गया।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रात लगभग ढाई बजे हादसा हुआ। नई दिल्ली के अशोक नगर निवासी वैगन आर कार चालक अर्जुन सिंह पिता कृष्ण कुमार और चचेरे भाई अमित सिंह पुत्र अमर बहादुर के साथ दिल्ली से लखनऊ जा रहे थे। टोल प्लाजा के पास अर्जुन सिंह ने पीली पट्टी पर कार खड़ी कर दी। यह लघुशंका करने लगे। पीछे से आ रहे दिल्ली के फतेहपुर जनता कालोनी निवासी अनिल कुमार (50) पुत्र बाबूलाल की कार खड़ी कार से भिड़ गई। इस कार में प्रतापगढ़ जिले के सांगीपुर थाने के लखेरा गांव निवासी राम अभिलाष(65), इनकी पत्नी मतिराम (60), कलावती (45) थीं। यह लोग प्रतापगढ़ जा रहे थे। बताया गया कि चालक अनिल कुमार को झपकी लगने से यह हादसा हुआ। दोनों कारों में बैठे लोगों में चीख-पुकार मच गई। सभी सात लोग घायल हो गए।
सूचना पर पहुंचे यूपीडा (उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण)के सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह, नामवर सिंह व गश्ती टीम के अनिल मिश्रा ने कार से घायलों को निकालकर एंबुलेंस से तिर्वा मेडिकल कालेज भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त कार को हाइड्रा से टोल प्लाजा पर खड़ा करा दिया गया।