तालग्राम(कन्नौज)। इटावा जिले के एक गांव की युवती 50 किलोमीटर पैदल चल कर अपने रिश्तेदार किशोर से शादी करने पहुंच गई। वह एक लाख रुपये लेकर आई थी। युवती की दो जुलाई को बरात आनी है। सूचना पर युवती के परिजन गांव आ गए। मामले को निपटाने के प्रयास हो रहे हैं।
इटावा जनपद के ऊसराहार थाना इलाके की युवती को थाना तालग्राम के एक गांव की अपनी भाभी के परिवार के किशोर उम्र के भतीजे से प्यार हो गया। किशोर 22 वर्षीय युवती से आठ साल छोटा है। युवती ने किशोर प्रेमी को दस हजार रुपये का फोन खरीद कर दिया था। प्रेम प्रसंग की जानकारी होने पर परिजनों ने युवती की शादी तय कर दी। दो जुलाई को युवती की बरात आनी है। इससे पहले युवती घर में शादी के लिए रखे एक लाख रुपये लेकर प्रेमी के घर पहुंच गई। इससे किशोर के परिजनों के हाथ पांव फूल गए। उन्होंने युवती के परिजनों को सूचना देकर बुला लिया।
परिवार के मनाने के बाद भी युवती मान नहीं रही है। दूसरी ओर किशोर की कम उम्र शादी में बाधक बनी हुई है। समझौते का प्रयास चल रहा है। युवती किशोर के घर रहकर उसके बालिग होने तक इंतजार और शादी की जिद पर अड़ी है। पुलिस का कहना है कि इस मामले की किसी तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है।