सिकंदरपुर के मोहल्ला शास्त्रीनगर में एक पेस्टीसाइड
कंपनी के अधिकारी ने पुलिस की मदद से दुकान में छापा मारा। इस दौरान भारी
मात्रा में 100 ग्राम के डिब्बों में पैक नकली पेस्टीसाइड के साथ कंपनी के
स्टीकर बरामद हुए।
बरामद माल को जब्त कर सील कर दिया गया। मौके से
दुकानदार को हिरासत में लेकर उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। मामले की
रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बिहार प्रदेश के जनपद भोजपुर अंतर्गत ग्राम
मानिकपुर निवासी कुमारदत्त शंकर ने बताया कि वह बायर क्राप साइंस इंडिया
कंपनी में प्रमुख जांचकर्ता के पद पर कार्यरत हैं।
उन्हें गुप्त सूचना मिली
कि सिकंदरपुर के मोहल्ला शास्त्रीनगर निवासी महेंद्र कुमार दीक्षित अपनी
दुकान व घर में कंपनी के नाम पर नकली व फर्जी उत्पाद पैक कर उनकी बिक्री कर
रहे हैं। सूचना के आधार पर उन्होंने सिकंदरपुर चौकी के दरोगा गोरखन
सिंह के साथ महेंद्र दीक्षित के यहां तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उनके घर से
बायर उत्पाद मोनसेरिक पेस्टीसाइड के 100 ग्राम पैक के 390 डिब्बे, मोनसेरिक
के 3800 स्टीकर और डाबर गुलूकोन के 250 ग्राम पैक के 625 स्टीकर बरामद
हुए। उन्होंने बरामद माल को जब्त कर महेंद्र दीक्षित को पुलिस के सुपुर्द
कर दिया। उन्होंने इस मामले में उसके खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई
है।