बेवर से जलालाबाद तक खोदी जा रही नहर में किसानों की
जमीन जाने से उनमें रोष व्याप्त है। किसानों ने तहसील पहुंचकर जमीन के
मुआवजे की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद डीएम को संबोधित ज्ञापन
सीडीओ को सौंपा।
मंगलवार को क्षेत्र के ग्राम मिघौली, चमननगरिया, नगला
बलदेव, भारापुर, नथानगला, रूपपुर आदि गांवों के सैकड़ों किसान तहसील
पहुंचे। किसानों ने बेवर से जलालाबाद तक खोदी जा रही नहर और उसके चौड़ीकरण
में जा रही जमीनों के मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
इसके बाद
जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन तहसील दिवस में भाग लेने आए सीडीओ उदयराज
यादव को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि नहर खुदाई के लिए जो सर्वे किया गया
है, उसमें सैकड़ों बीघा कृषि भूमि जा रही है। इसके अलावा रिहायती इमारतें
बनी हुई हैं। सबमर्सिबल नलकूप लगे हुए हैं।
जमीनें चली जाने से बहुत से
किसान भूमिहीन हो जाएंगे। किसानों ने नहर खुदाई के लिए अधिग्रहीत की जाने
वाली भूमि का नहर विभाग से मुआवजा दिलाने की मांग की है। ज्ञापन में मिघौली
की प्रधान प्रेमलता यादव, गिरंद सिंह, नरेंद्र सिंह, बाबूराम, वीरेंद्र
सिंह, अशोक, दिनेश, भोले सिंह, रामप्रकाश, शिवनाथ सिंह, हरीनंदन आदि
सैकड़ों लोगों के हस्ताक्षर हैं।