कन्नौज। बर्राजपुर और बिल्हौर रेलवे स्टेशन के बीच ट्रैक पर गैस सिलिंडर रखकर तेज रफ्तार कालिंदी एक्सप्रेस ट्रेन को उड़ाने की कोशिश में रेलवे विभाग अलर्ट हो गया है। ट्रैक की सुरक्षा बढ़ाते हुए पांच निगरानी टीम बनाई गई है, जो शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक ट्रैक के किनारे गश्त करती है।
अरौल से गुरसहायगंज तक का 38 किलोमीटर रेलवे ट्रैक है, जिस पर रोजाना करीब 46 ट्रेनें गुजरती हैं। कानपुर के बर्राजपुर और बिल्हौर रेलवे स्टेशन के बीच में रेलवे ट्रैक पर सिलिंडर रखकर कालिंदी एक्सप्रेस को पलटने के प्रयास के बाद विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। रेलवे ट्रैक की सुरक्षा के लिए विभाग ने पांच टीमें निगरानी के लिए लगाई हैं, इसमें एक चार पहिया और चार बाइकें लगी हैं।
चार पहिया वाहन पर एक दारोगा और दो कर्मी व बाइकों पर दो कर्मी लगाए गए हैं। यह लोग जीटी रोड से रेलवे ट्रैक की निगरानी करेंगे। ट्रैक की निगरानी के लिए शाम छह से सुबह छह बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। इसके अलावा रेलवे विभाग के इंजीनियरों को भी लगाया गया है। इंजीनियर शाम सात बजे से एक बजे तक और सुबह तीन बजे से पांच बजे तक गश्त करेंगे।
आरपीएफ प्रभारी ओपी मीणा ने बताया कि रेलवे ट्रैक की सुरक्षा के लिए पांच निगरानी टीम लगाई गई हैं। पांचों टीमें शाम छह से सुबह छह बजे तक गश्त करती हैं। इस बीच ट्रैक के आसपास नजर आने वाले लोगों से पूछताछ की जाती है।