फोटो : रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते एडीजी आलोक सिंह, डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, एसपी विनोद कुमार। संवाद
- कानपुर जोन के एडीजी, डीएम व एसपी ने किया रेलवे स्टेशन का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
कन्नौज। दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के बाहर कार में विस्फोट से नौ लोगों की मौत के बाद पूरे देश में हाईअलर्ट घोषित कर दिया गया। देर शाम इत्रनगरी पहुंचे कानपुर जोन के एडीजी, डीएम व एसपी ने पुलिस बल के साथ रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड का निरीक्षण किया। आरपीएफ और पुलिस ने संदिग्धों की तलाशी ली।
देश की राजधानी दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में हुए विस्फोट से नौ लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद पूरे देश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पूरे प्रदेश में हाईअलर्ट घोषित किया है।
इसको लेकर देर रात कानपुर जोन के एडीजी आलोक सिंह, डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, एसपी विनोद कुमार शहर के रेलवे स्टेशन पहुंचे और यात्रियों के सामान की तलाशी करवाई। स्टेशन परिसर में खड़े वाहनों की भी मेटल डिटेक्टर से तलाशी ली गई। इसके बाद फोर्स रोडवेज बस स्टैंड पंहुचा और वहां भी बसों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। हालांकि पुलिस को कोई संदिग्ध वाहन या व्यक्ति नहीं मिला।
एडीजी आलोक सिंह ने बताया सार्वजनिक स्थलों पर सादा वर्दी में पुलिस को लगाया गया है। कोई भी संदिग्ध गतिविधि मिलने पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा कानपुर-कासगंज रूट पर सभी ट्रेनों में तलाशी करवाई जा रही है। पुलिस के खुफिया तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है। जिले के सभी थानों और चौकियों को भी सतर्क कर दिया गया है। इस दौरान एडीजी ने यातायात पुलिस को स्टेशन परिसर के बाहर खड़ी बिना नंबरों की कारों को थाने में खड़ा कराने के निर्देश दिए।